नंदा राजजात के दुर्लभ चित्रों और मानचित्र के जरिए संरक्षित की जा रही लोक संस्कृति, डॉ. सुभाष चंद्र पुरोहित ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश–
गौचर (चमोली)। 74वें ऐतिहासिक औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में नंदा देवी राजजात की 40 वर्षों की अध्ययन यात्रा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले में लगाए गए श्री नंदा देवी राजजात संग्रहालय के स्टॉल पर राजजात से जुड़े दुर्लभ चित्र, पुराने दस्तावेज, अध्ययन यात्राओं की तस्वीरें और 280 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग का मानचित्र प्रदर्शित किया गया है। इसमें नौटी से होमकुंड तक के 20 पड़ावों को दर्शाया गया है।

संग्रहालय के सचिव भुवन नौटियाल ने बताया कि वर्ष 1984-85 से मां नंदा राजजात और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अध्ययन एवं शोध का कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सदियों पुरानी परंपराओं, यात्रा के पड़ावों और लोक संस्कृति को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना है। प्रदर्शनी में वर्ष 1984-85 और 2025 तक की अध्ययन यात्राओं के चित्र भी लगाए गए हैं। इनमें दिवंगत चित्रकार एवं शोधकर्ता स्व. प्रकाश पुरोहित ‘जयदीप’ के योगदान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने वर्ष 1985-86 की अध्ययन यात्रा का नेतृत्व किया था। राजजात वर्ष 2000 पर आधारित उनका चित्र ‘आस्था, साहस एवं संस्कृति की त्रिवेणी’ भी लोगों को आकर्षित कर रहा है। इसमें मां नंदा की डोली, त्रिशूल, छंतोली और चौसिंग्याखाडू के साथ हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य को उकेरा गया है।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने स्व. जयदीप के चित्रों को ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए उनकी दूरदर्शी सोच की सराहना की। वहीं, आठवीं वाहिनी आईटीबीपी गौचर के उप सेनानी जयंती कुमार बहुरा ने राजजात को अनादि काल से चली आ रही आस्था और परंपरा की यात्रा बताया।
चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश-
स्टॉल पर डॉ. सुभाष चंद्र पुरोहित की ओर से तैयार पेंटिंग और जागरूकता बोर्ड भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इनमें पॉलीथिन के दुष्प्रभाव, गोवंश की सुरक्षा और कूड़ा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया है। संदेश दिया गया है कि पॉलीथिन का उपयोग बंद कर गर्म खाद्य पदार्थों को प्लास्टिक में रखने से बचें तथा जैविक और अजैविक कूड़े को अलग-अलग एकत्रित करें। प्लास्टिक को जलाने के बजाय उसका उचित निस्तारण करें और गांवों के साथ यात्रा मार्गों को स्वच्छ रखें। इसके अलावा डॉ. शिवानी की मां नंदा के मंडला, गणपति, शेर और नारी विषयक पेंटिंग भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।

भुवन नौटियाल के नेतृत्व में संग्रहालय के लिए राजजात से जुड़ी दुर्लभ सामग्री, चित्र, लेख और स्मृतियों को संकलित एवं संरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को राजजात की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सहेजने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और पॉलीथिन मुक्त यात्रा का संकल्प लेने का संदेश दिया जा रहा है।

