वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए श्री बदरीनाथ धाम के कपाट–

by | Nov 17, 2026 | चमोली, चारधाम | 0 comments

कपाट बंद होने के अवसर पर दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए भगवान बदरीविशाल के दर्शन–

श्री बदरीनाथ धाम, 16 नवंबर। विश्वप्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर संपूर्ण बदरीनाथ धाम जय बदरीविशाल के जयघोष से गुंजायमान रहा। मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था तथा सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न हुईं। इस अवसर पर दानीदाताओं एवं श्रद्धालुओं की ओर से भंडारों का आयोजन भी किया गया।

बीते रविवार को हुई बारिश एवं बर्फबारी के कारण धाम में कड़ाके की ठंड रही। आसपास की पहाड़ियों पर बर्फ जमी हुई थी, हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहने और धूप खिलने से श्रद्धालुओं को दर्शन करने में सुविधा मिली। कपाट बंद होने के अंतिम दिन दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए।

कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी के नेतृत्व में संपन्न हुई। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंवर सेमवाल एवं वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने के अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि इस यात्रा वर्ष साढ़े तेईस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मुखवा से चारधाम शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया था। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शीतकाल में भी गद्दीस्थलों के दर्शन एवं यात्रा का लाभ उठाने की अपील की।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण एवं मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी कपाट बंद होने के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, तीर्थ पुरोहित समाज, स्थानीय निवासियों एवं यात्रा से जुड़े कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।

उल्लेखनीय है कि श्री बदरीनाथ धाम में 12 नवंबर से पंच पूजाएं प्रारंभ हुई थीं। 15 नवंबर तक आदि केदारेश्वर सहित विभिन्न सहवर्ती मंदिरों के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए गए। रविवार 15 नवंबर को माता लक्ष्मी जी को कढ़ाई भोग अर्पित किया गया तथा भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने के लिए आमंत्रित किया गया।

सोमवार को कपाट बंद होने से पूर्व ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के कपाट खोले गए। भगवान का अभिषेक एवं श्रृंगार करने के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए सामान्य दर्शन प्रारंभ हुए। दिनभर भोग एवं पूजा-अर्चना के साथ मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुला रहा। सायंकालीन पूजाओं के बाद रात्रि आठ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया प्रारंभ हुई।

परंपरा के अनुसार रावल जी ने स्त्री रूप धारण कर माता लक्ष्मी जी को मंदिर परिसर स्थित उनके मंदिर से भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके पश्चात भगवान कुबेर जी एवं उद्धव जी को मंदिर परिसर में लाया गया। अंत में रावल जी ने भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया। इसके पश्चात रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि कपाट बंद होने के पश्चात मंगलवार 17 नवंबर को सेना के बैंड की धुनों के बीच भगवान उद्धव जी एवं कुबेर जी की उत्सव डोलियां श्री बदरीनाथ धाम से योग बदरी पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी। शीतकाल में भगवान उद्धव जी एवं कुबेर जी की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होगी।

वहीं, भगवान गरुड़ जी एवं आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए श्री नृसिंह मंदिर, ज्योतिर्मठ पहुंचेगी। भगवान गरुड़ जी 17 नवंबर को सीधे ज्योतिर्मठ प्रस्थान करेंगे, जबकि रावल जी एवं नायब रावल जी आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ योग बदरी पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। इसके बाद 18 नवंबर को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी श्री नृसिंह मंदिर, ज्योतिर्मठ में विराजमान होगी। इस अवसर पर पांडुकेश्वर एवं ज्योतिर्मठ में देव डोलियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रा वर्ष 2026 की श्री बदरीनाथ धाम यात्रा का समापन होगा और शीतकालीन गद्दीस्थलों में दर्शन प्रारंभ हो जाएंगे।

इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज, दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं बीकेटीसी/चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतीश लखेड़ा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, बीकेटीसी सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, देवीप्रसाद देवली, प्रह्लाद पुष्पवान, राजेंद्र डिमरी, राकेश भंडारी, नीलम पुरी, रजनीश भट्ट, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, डिमरी पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, सचिव भगवती डिमरी, श्रेयांस द्विवेदी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, पूर्व सदस्य वीरेंद्र असवाल, डीजीसी प्रकाश भंडारी, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल एवं राजन नैथानी, पंडा पंचायत सचिव गौरव पंचभैया, क्षेत्र पंचायत प्रमुख गणेश चंदोला, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, लेखाकार भूपेंद्र रावत, विवेक थपलियाल, डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, राकेश झिंक्वाण, माणा पंचायत प्रधान पीतांबर मोल्फा, गंगा सिंह परिहार सहित डिमरी पंचायत, ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित पंचायत, हक-हकूकधारी संगठनों के प्रतिनिधि, बीकेटीसी के अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित एवं माणा-बामणी के श्रद्धालु उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड के चारधामों में श्री गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर तथा श्री केदारनाथ एवं श्री यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को भैया दूज के अवसर पर शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं।

Latest News

वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हुए श्री बदरीनाथ धाम के कपाट–

कपाट बंद होने के अवसर पर दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए भगवान बदरीविशाल के दर्शन-- श्री बदरीनाथ...

रंगमंच का सम्मान: चक्रव्यूह मंचन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकार सम्मानित–

विधायक लखपत बुटोला ने अक्षत नाट्य संस्था के कलाकारों को किया सम्मानित, अतिथियों ने सराहा अभिनय...

गौचर मेले में जीवंत हुई चित्रकार एवं शोधकर्ता स्व. प्रकाश पुरोहित ‘जयदीप की 40 वर्षों की अध्ययन यात्रा–

नंदा राजजात के दुर्लभ चित्रों और मानचित्र के जरिए संरक्षित की जा रही लोक संस्कृति, डॉ. सुभाष चंद्र...

महेंद्र भट्ट पर आरोप लगाने से पहले जैनी प्रकरण पर जवाब दें हरक सिंह : रघुबीर बिष्ट–

नंदप्रयाग-घाट में पिटाई के दावे पर मांगे प्रमाण, कांग्रेस से भी जैनी प्रकरण पर रुख स्पष्ट करने को...

राज्य स्थापना दिवस: मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस पर भराड़ीसैंण में कीं 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं–

आंगनबाड़ी, आशा कार्यकत्रियों, भोजन माताओं और अतिथि शिक्षकों के मानदेय में होगी वृद्धि-- भराड़ीसैंण...

बदरीनाथ धाम में 12 नवंबर से आरंभ होगी कपाट बंद होने की प्रक्रिया, पंच पूजाएं होंगी शुरू–

16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद होंगे बदरीनाथ के कपाट--   बदरीनाथ, 11 नवंबर...

जय केदार: केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल हेतु विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुए बंद–

शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हुई बाबा केदार की चल विग्रह उत्सव डोली...

रिपोर्ट तलब: बदरीनाथ-केदारनाथ का क्यूआर कोड विवाद फिर गरमाया–

एसआईटी जांच की मांग पर शासन ने चमोली और रुद्रप्रयाग के डीएम से मांगी रिपोर्ट-- देहरादून/चमोली।...

चमोली: मंदिर समिति के सीईओ ने किया संस्कृत विद्यालय कमेड़ा का औचक निरीक्षण–

छात्रावास भवन निर्माण का दिया आश्वासन, पहली बार विद्यालय के निरीक्षण पर पहुंचे कोई सीईओ-- गोपेश्वर।...
error: Content is protected !!