शीतकालीन पूजा स्थल में विराजमान हुए भगवान उद्धव और कुबेर, कल ज्योतिर्मठ पहुंचेगी आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी–
पांडुकेश्वर (चमोली)। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में बंद होने के बाद मंगलवार को भगवान उद्धव और कुबेर की देव डोलियां शीतकालीन पूजा स्थल योग बदरी पांडुकेश्वर पहुंच गईं। सुबह 10 बजे सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच दोनों देव डोलियों ने बदरीनाथ धाम से पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान किया। अपराह्न दो बजे देव डोलियां योग बदरी मंदिर पहुंचीं। यहां शीतकाल में भगवान उद्धव और कुबेर की पूजा-अर्चना होगी।
वहीं, गरुड़ जी की डोली मंगलवार को सीधे ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंच गई। जबकि रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल और आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ योग बदरी पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। बुधवार को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी। इस अवसर पर पांडुकेश्वर में देव डोलियों का श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। बुधवार को ज्योतिर्मठ में आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी का अभिनंदन किया जाएगा।
इसके साथ ही यात्रा वर्ष 2026 की श्री बदरीनाथ धाम यात्रा का समापन हो जाएगा और शीतकालीन गद्दीस्थलों पर दर्शन शुरू हो जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल सहित वेदपाठी और पांडुकेश्वर के श्रद्धालु मौजूद रहे।

