मुख्यमंत्री ने कहा, बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल–
पीपलकोटी (चमाेली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। महिलाएं प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला हैं। सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जाएगा। योजना की पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी।
मुख्यमंत्री मंगलवार को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही चमोली जिले को 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 16 योजनाओं का शिलान्यास और 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने तीन मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।
सम्मेलन में पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
बैणी-भुली योजना से पांच लाख महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
चिपको आंदोलन की गौरा देवी आज भी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारी निभाने के साथ ही कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उज्ज्वला, जनधन और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। प्रदेश सरकार भी बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक हर स्तर पर सहयोग दे रही है।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मान मिला।
कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को सम्मानित किया गया। खेल क्षेत्र में निशा और स्वाति बड़वाल को सम्मान मिला। लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी सम्मानित हुईं।

हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार प्रदान किया गया।
149.77करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास तथा 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में बम्बूधार से मूल गांव छिनका होते हुए मल्ला नौरी तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए 2.26 करोड़, घुड़साल-सैकोट मोटर मार्ग के लिए 88.82 लाख, गोपेश्वर-देवरखडोरा-घिंघराण मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए 1.87 करोड़ रुपये शामिल हैं।
गोविंदघाट में 92.156 मीटर स्पान के मोटर पुल के निर्माण पर 16.68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पीपलकोटी-मठ-मठेड़ा मोटर मार्ग के लिए 1.28 करोड़ और अपर चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग के वन टाइम मेंटेनेंस के लिए 2.63 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया।
इसके अलावा ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के कार्य भी शामिल हैं।
स्कूलों में प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और कक्षा-कक्षों की मिली सौगात
मुख्यमंत्री ने जिले में पूर्ण हुए 14 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें गौचर और उर्गम में 50-50 लाख रुपये की लागत से बीपीएचयू का निर्माण शामिल है। राजकीय इंटर कॉलेज पोखरी में 29.75 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय और 22.68 लाख रुपये से आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष का निर्माण किया गया है।
राजकीय इंटर कॉलेज पोगठा में जीव विज्ञान प्रयोगशाला, देवाल में विज्ञान प्रयोगशाला और नंदासैंण में रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण किया गया है। आईटीआई गोपेश्वर में 8.67 करोड़ रुपये की लागत से कार्यशाला एवं वर्कशॉप का निर्माण भी पूरा हुआ है।
इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज मंदोली में चार कक्षा-कक्ष, नारायणबगड़ में चार कक्षा-कक्ष एवं शौचालय तथा राजकीय इंटर कॉलेज थराली में तीन प्रयोगशालाओं, एक कक्षा-कक्ष और शौचालय ब्लॉक का निर्माण कार्य पूरा होने पर लोकार्पण किया गया।
तीन मोटर मार्गों के निर्माण और सुधारीकरण की घोषणा
हेलंग-डूंगरी बरोसी, गोपेश्वर-पोखरी और त्रिशूला-भदूड़ा मार्ग होंगे विकसित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान चमोली जिले में तीन मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की। इनमें हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं।
इन सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा
लाभार्थियों को बांटे सहायता राशि के चेक
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती, माधव प्रसाद सेमवाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

