कहीं पुल से 100 मीटर नीचे गिरी बस तो कहीं खाई में समाए बोलेरो और मैक्स वाहन, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख–
देहरादून/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में मंगलवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। टिहरी, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश क्षेत्र में हुए हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए। हादसों के बाद घटनास्थलों पर चीख-पुकार मच गई।
टिहरी के गूलर में मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही यात्री बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में नौ लोगों की मौत और 26 घायल हो गए। इनमें छह की हालत गंभीर है।
वहीं, रुद्रप्रयाग में बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर पोखरी से रांसी जा रही बोलेरो खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत और छह घायल हो गए। उधर, ऋषिकेश क्षेत्र के बांसकाटल गांव में मैक्स वाहन खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत और चार लोग घायल हो गए।
तीनों स्थानों पर पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राहुल गांधी ने हादसों पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए।

