21 नवंबर तक चलेंगे विवाह के कार्यक्रम, प्रसिद्ध लोक गायकों की सांस्कृतिक संध्या भी होगी आयोजित–
नंदप्रयाग (चमोली)। प्रसिद्ध उद्योगपति सुधीर रावत के बड़े भाई दिनेश रावत और जिला पंचायत सदस्य सरोजनी रावत की बेटी नेहा के विवाह समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नंदप्रयाग-सैकोट मोटर मार्ग पर स्थित प्रकृति हिल रिसॉर्ट में आयोजित होने वाले इस भव्य विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। विवाह समारोह 18 से 21 नवंबर तक चलेगा।

समारोह के लिए प्रकृति हिल रिसॉर्ट को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। परिसर में जगह-जगह विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों और बिजली की आकर्षक लड़ियों से सजावट की गई है। रोशनी और फूलों से सजा रिसॉर्ट इन दिनों किसी दुल्हन की तरह नजर आ रहा है। विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
मेहमानों की आवभगत और ठहरने से लेकर खानपान तक के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी को असुविधा न हो। समारोह में विवाह की विभिन्न रस्मों के साथ ही प्रसिद्ध लोक गायकों की सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित की जाएगी। इसके लिए भी तैयारियां की जा रही हैं। चार दिन तक चलने वाले इस विवाह समारोह को लेकर परिवार और परिचितों में खासा उत्साह है।

