परिजनों ने ट्रॉली चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप–
— ऋषिकेश में शनिवार को ट्रेक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से एक मासूम की मौत हो गई। मासूम के परिजनों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस टीम ने चालक को हिरासत में ले लिया है। यह मामला ऋषिकेश के श्यामपुर चौकी क्षेत्र के लक्कड़घाट का है।
यहां एक तेज रफ्तार ट्रेक्टर ट्रॉली के पहिए के नीच कुचलने से एक चार साल की मासूम बालिका की मौत हो गई। राहुल निवासी, ग्राम मुराट, थाना शिवाला कला, जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश, हाल निवास- लक्कड़ घाट, ऋषिकेश में मजदूरी का काम करता है। शनिवार को राहुल की चार वर्षीय बेटी घर में खेल रही थी।
नंदनी खेलते हुए घर से बाहर निकली। इस दौरान वह सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गई। पहिए के नीचे कुचलने से बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे एम्स ऋषिकेश लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।


