— चमोली जनपद के चांदपुर पट्टी के बिसौणा गांव के होल्यार बृहस्पतिवार को होली खेलते-खेलते पौड़ी जनपद के पैठाणी क्षेत्र में पहुंचे थे, लेकिन इन होल्यारों की टोली को लेकर आ रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, वाहन में 14 लोग सवार थे, जिनमें से चार की मौत हो गई है। जबकि दस घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ में भर्ती किया गया है। चमोली जनपद का चांदपुर गढ़ी क्षेत्र पौड़ी जनपद से जुड़ा हुआ है।
घटना पैठाणी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर शाम को करीब साढ़े चार बजे की है। पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना में अमित नेगी पुत्र महेंद्र सिंह, उम्र 16 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। रोहित सिंह पुत्र शेर सिंंह, उम्र 19 साल, बलवंत सिंह पुत्र कल्याण सिंंह, उम्र 22 वर्ष और संतोष पुत्र आनंद सिंंह, उम्र 22 वर्ष की उपचार के दौरान पाबौ अस्पताल में मौत हो गई।
बिसौणा गांव के ही भूपेंद्र सिंह, मोहित, शिशुपाल, नरेंद्र सिंह, भागवत सिंंह, पवन सिंह, दीपक, विक्रम सिंंह, लक्ष्मण सिंह व महेंद्र सिंह घायल हुए हैं। घटना के बाद से बिसौणा गांव में मातम पसरा हुआ है।

