— उत्तराखंड की एक महिला में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अध्यक्ष राहुल गांधी से इतना अटूट प्रेम दिखा कि उसने अपनी सारी संपत्ति ही राहुल गांधी के नाम कर दी। 78 साल की इस महिला ने कहा कि आज देश को राहुल गांधी की जरुरत है। दरअसल, पुष्पा मुंजियाल नाम की महिला देहरादून में निवास करतीं है।
देश के पांच राज्यों में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की बुरी तरह हार हुई है। हार से पार्टी आपसी तनातनी का सामना कर रही है, इस बीच महिला ने राहुल गांधी और उनके विचारों को देश के लिए जरुरी बताया है। इतना ही नहीं, महिला ने अपनी सारी प्रॉपर्टी का मालिक राहुल गांधी को बना दिया है, उन्होंने मालिकाना हक राहुल गांधी के नाम करते हुए देहरादून कोर्ट में वसीयतनामा पेश किया है, महिला की संपत्ति में 50 लाख की चल-अचल संपत्ति और 10 तोला सोना भी शामिल है, सोमवार को महिला ने राहुल गांधी के नाम अपनी सम्पत्ति का वसीयतनामा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को उनके आवास पर जाकर सौंप दिया है।
कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बताया कि महिला ने कहा राहुल गांधी के परिवार ने देश की आजादी से लेकर आज तक हमेशा आगे बढ़कर देश के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है, चाहे इन्दिरा गांधी हों, चाहे राजीव गांधी हों. उन्होंने इस देश की एकता और अखण्डता के लिए अपने प्राणों की कुर्बानी दी। महिला के इस कदम से लोग अचंभित हैं। हालांकि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अभी इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन महिला के इस अटूट प्रेम की चारों ओर चर्चा है।


