प्रभारी जिलाधिकारी ने दिया शीघ्र सड़क सुधारने का आश्वासन, ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों का किया घेराव–
गोपेश्वरः अपर चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग के पुर्ननिर्माण और सुधारीकरण की मांग पर खैनुरी गांव के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता का घेराव भी किया। कहा कि खैनुरी सड़क गाड़ी तो दूर पैदल चलने लायक भी नहीं रह गई है। सड़क का सुधारीकरण कार्य करने के साथ ही सड़क किनारे नाली निर्माण की मांग की गई।
ग्रामीणों से मिलने पहुंचे प्रभारी जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने मौके पर मौजूद पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को शीघ्र जेसीबी मशीन के जरिए सड़क को सुचारु करने और सड़क किनारे नाली निर्माण के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान रेखा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम और पूर्व प्रधान महिपाल सिंह ने कहा कि वर्ष 2008 में सड़क का निर्माण हुआ था। लेकिन सड़क मानकों के अनुरूप नहीं बनी है। मौजूदा समय में सड़क पर वाहन तो दूर ग्रामीण पैदल आवाजाही भी नहीं कर पा रहे हैं।
बीमार लोगों को अस्पताल तक पहुंचाने में दिक्कतें हो रही है। ग्रामीणों ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों का भी घेराव किया। पीएमजीएसवाई के ईई परशुराम चमोली ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मौके पर जेसीबी मशीन भेज दी गई है। जब भी सड़क अवरुद्घ होगी, तो सूचना मिलने पर सड़क को खोल दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान युवक मंगल दल अध्यक्ष अंशुल नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल सिंह, खीम सिंह, वीरेंद्र, सुरेंद्र, लखपत सिंह, गोविंद सिंह, लक्ष्मण, राजेंद्र सिंह, रविंद्र और सोबत सिंह के साथ ही कई ग्रामीण मौजूद रहे।


