बुधवार को आईटीबीपी देहरादून यूनिट ने औपचारिक रूप से आईआरबी को सौंपा चार्ज, संदिग्धों पर पैनी नजर–
बदरीनाथ, 07 मई 2025: बदरीनाथ धाम की सुरक्षा अब इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के हवाले कर दी गई है। बुधवार को आईटीबीपी ने औपचारिक रूप से आईआरबी को धाम की सुरक्षा का चार्ज सौंपा।
बदरीनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था में बुधवार को महत्वपूर्ण बदलाव किया गया। धाम में शीतकाल के दौरान सुरक्षा का जिम्मा आईटीबीपी के पास रहता है। कपाट खुलने के बाद भी धाम में आईटीबीपी सीमाद्वार देहरादून की बटालियन तैनात थी।

अब कपाट खुलने के बाद धाम की सुरक्षा के लिए इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) को तैनात कर दिया गया है। बुधवार को आईटीबीपी ने औपचारिक रूप से धाम की सुरक्षा की जिम्मेदारी का दायित्व आईआरबी को सौंप दिया। अब यात्रा के दौरान धाम में आईआरबी के जवान तैनात रहेंगे। बुधवार को आईटीबीपी और आईआरबी के जवान व अधिकारियों ने मंदिर के सामने फोटो भी खिंचवाई।


