खाद्य सुरक्षा, पूर्ति विभाग, वाटमाप और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने चलाया चेकिंग अभियान–
कर्णप्रयाग, 08 मई 2025: खाद्य सुरक्षा, पूर्ति विभाग, वाटमाप और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को कर्णप्रयाग और गौचर बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टीम ने कर्णप्रयाग और गौचर में कुल 56 दुकानों का निरीक्षण किया गया।
दुकानों में रेट लिस्ट, ओवररेट, एक्सपायरी सामग्री और घरेलू सिलिंडरों के प्रयोग की जांच की गई। आठ दुकानों में विभिन्न प्रकार की अनियमिता पाए जाने पर दुकानदार के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। कालातीत खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट किया गया। तीन दुकानों से जांच के लिए खाद्य सामग्री के सैंपल एकत्र किए गए। विभागों की ओर से चारधाम यात्रा को देखते हुए बाजारों में यह कार्रवाई की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी जीएस कंडारी ने बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को उचित मूल्य पर सामान, शुद्ध खाना आदि प्रदान करने के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया है।
जिसमें की समस्त दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट चस्पा करने, एक्सपायरी सामानों को न बेचने और खाने में शुद्धता का ध्यान रखने सहित अन्य जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। निरीक्षण में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमिताभ जोशी और तहसील की टीम मौजूद रही।


