पीपलकोटी के भनेरपाणी और गौचर के कमेड़ा में हाईवे की बुरी हालत, पहाड़ी से लगातार हो रहा भूस्खलन बना खतरा–
चमोली, 11 जुलाई 2025: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राज मार्ग पर चल रहा ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य भनेरपाणी और कमेड़ा में ध्वस्त होता जा रहा है। कमेड़ा में करोड़ों के सुधारीकरण कार्य पर पानी फिर गया है, जबकि भनेरपाणी में भूधंसाव और भूस्खलन होने से हाईवे खतरनाक बन गया है। यहां करीब 40 मीटर हिस्से में हाईवे तहस-नहस हो रहा है। यदि यहां हाईवे बाधित हो गया तो आवाजाही लंबे समय के लिए रुक सकती है।

भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र पीपलकोटी से करीब दो किलोमीटर दूर है। यहां धीरे-धीरे जमीन अलकनंदा की ओर खिसक रही है। पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन से हाईवे संकरी गली में तब्दील हो गई है। स्थिति यह है कि जेसीबी से मलबा हटाने के बाद यात्रा वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है।
कमेड़ा में दो माह पूर्व एनएचआईडीसीएल ने हाईवे का चौड़ीकरण और डामरीकरण कार्य भी कर लिया था। यहां पहाड़ी पर सेल्फ ड्रीलिंग एंकर कर पहाड़ी को लोहे की डबल जाली से बांधने की तैयारी थी। लेकिन भारी बारिश के चलते यहां भूस्खलन शुरु हुआ तो अब रुकने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ी से लगातार भूधंसाव हो रहा है। फिर से सड़क पुरानी दशा में लौट आया है।