अति आवश्यक सेवा मेें शामिल इंजीनियर्स भी हड़तालमेें हुए शामिल, बदरीनाथ विधायक ने दिया मांगों को समर्थन–
गोपेश्वर, 01 अप्रैल 2026: अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत डिप्लोमा इंजीनियर्स की अनिश्चितकालीनहड़ताल अब निर्णायक मोड में आ गई है। सबकी निगाहें संगठन और सरकार के बीच चल रही वार्ता पर टिकी हुई हैं। बुधवार को हडताल10वें दिन भी जारी रही। अति आवश्यक सेवा में शामिल जल संस्थान, जल निगम और ऊर्जा निगम के डिप्लोमा इंजीनियर भी हड़ताल में शामिल हो गए हैं। आंदोलनकारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया है।
बुधवार को धरना-प्रदर्शन में बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला व कांग्रेस पदाधिकारी भी शामिल हुए। उन्होंने उनकी मांगों को शासन स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियर्स की न्यायोचित मांगों पर सरकार को अतिशीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए। इस संबंध में शासन से वार्ता की जाएगी।
डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के जनपदीय सचिव अंकित बिष्ट ने कहा कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। इधर, आंदोलन के दौरान डिप्लोम इंजीनियर्स का गुस्सा खंड विकास अधिकारीदेवाल पर फूट पड़ा। संघ के जनपदीय सचिव अंकित बिष्ट ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आंदोलन चल रहा है। देवाल में तैनात डिप्लोमा इंजीनियर अंकित सिलोड़ी और मुकुल कुमार ने भी अन्य इंजीनियर्स की भांति हड़ताल से पूर्व वीडीओ कार्यालय में अपना घोषणा पत्र दे दिया था।
घोषणा पत्र बीडीओ कार्यालय में रिसीव भी कराया गया। मगर खंड विकास अधिकारी की ओर से 24 मार्च को दोनों इंजीनियर्स का स्पष्टीकरण मांगा गया। इस संबंध में जिला और खंड स्तर पर वार्ता की गई। प्रांतीय कार्यकारिणी की ओर से भी इस संबंध में संबंधितअधिकारियों से वार्ता की गई, मगर अभी तक भी स्पष्टीकरण वापस नहीं लिया गया है। हमने अब वीडीओ को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। यदि बुधवार शाम तक स्पष्टीकरण व आदेश वापस नहीं लिया गया तो बृहस्पतिवार को बीडीओ कार्यालय परिसर में जनपद के समस्त आंदोलनरत डिप्लोमा इंजीनियर्स धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। कहा गया कि बीडीओ की ओर से उनके आंदोलन को कमजोर करने की साजिश की जा रही है।
मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, मुकुल बिष्ट, गोविंद सजवाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य व एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष मनमोहन चतुरा, रविंद्र बर्त्वाल, योगेंद्र बिष्ट, अरविंंद नेगी, डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की अध्यक्ष शालिनी रावत, प्रमोद बिष्ट, जितेंद्र मेहरा, संजय रावत, एसपी मैठाणी, छोटे लाल, प्रिया बहुगुणा, जगदीश पंवार, मेघा जग्गी, प्रेमा बिष्ट आदि मौजूद रहे।


