राइंकाचौनघाट में विज्ञान वर्ग शुरू करने की मांग को लेकर 14वें दिन भी जारी रहा क्रमिक धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी–
गोपेश्वर, 07 जून 2026: राजकीय इंटर कॉलेज चौनघाट में विज्ञान संकाय शुरू करने की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को क्रमिक धरने के 14वें दिन अवकाश होने के बावजूद छात्र-छात्राएं भी अपने अभिभावकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और अनोखे तरीके से अपनी मांग को सामने रखा। विद्यार्थियों ने धरनास्थल पर ही विज्ञान विषय की किताबों का अध्ययन किया और एक-दूसरे से सवाल-जवाब कर यह संदेश दिया कि वे विज्ञान शिक्षा प्राप्त करने के लिए कितने उत्सुक हैं।

बीते 25 मई से घूनी, रामणी और पडेरगांव के ग्रामीण नंदानगर में क्रमिक धरना देकर विद्यालय में विज्ञान संकाय संचालित करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वर्षों से मांग उठाने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

धरने में शामिल छात्राओं ने कहा कि विद्यालय में विज्ञान संकाय उपलब्ध न होने के कारण उन्हें मजबूरी में कला वर्ग में प्रवेश लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय में विज्ञान विषय की पढ़ाई शुरू होती है तो क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को अपने पसंदीदा विषय में अध्ययन का अवसर मिल सकेगा और उन्हें दूर-दराज के विद्यालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अभिभावक जगदीश पांडे का कहना है कि इंटरमीडिएट स्तर पर विज्ञान की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को करीब 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक और शैक्षणिक दोनों तरह की परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। अभिभावक संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश घुनियाल, कुंवर राम, मोहन सिंह, हरीश रावत और पूरण सिंह समेत कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

