हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण पर दिया जोर–
ज्याेतिर्मठ, 14 जून 2026: हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से रविवार को पुलिस चौकी घांघरिया में महिला मंगल दल पुलना की महिलाओं के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने किया।
बैठक में महिलाओं को नशा उन्मूलन, साइबर सुरक्षा और विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। चौकी प्रभारी ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। इसके साथ ही नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर पड़ने वाले उसके नकारात्मक असर के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

महिलाओं को यात्रा मार्ग पर पुलिस द्वारा किए जा रहे सुरक्षा प्रबंधों, नियमित गश्त, निगरानी और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी भी दी गई। महिला मंगल दल की सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और नशा रोकथाम अभियान के कारण यात्रा शांतिपूर्ण, सुचारू और सुरक्षित ढंग से संचालित हो रही है। बैठक में महिला मंगल दल पुलना की अध्यक्ष हेमवंती चौहान, सचिव सम्पति देवी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।

