रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मन मोहा, पूर्व प्रधान बद्री सैलानी और लक्ष्मण कनवासी हुए सम्मानित–
गोपेश्वर, 15 अगस्त 2026: राजकीय प्राथमिक विद्यालय कठूड़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से हो रही तेज वर्षा के बावजूद विद्यालय के बच्चों का उत्साह कम नहीं हुआ। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, भाषण, राष्ट्रीय गीत और विभिन्न गढ़वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सराहनीय पहल करते हुए पूर्व प्रधान बद्री सैलानी और लक्ष्मण कनवासी को विद्यालय में विशेष योगदान एवं पहल के लिए सम्मानित किया गया। पूर्व प्रधानों के सम्मान की विद्यालय की इस पहल की क्षेत्र के सामाजिक संगठनों ने भी सराहना की।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीलनाथन ने बच्चों के कार्यक्रम की सराहना की। कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास होता है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहन लाल, सहायक अध्यापक ऋषि प्रसाद थपलियाल, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, महिला मंगल दल कठूड़, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम ने बच्चों में देशभक्ति के साथ ही सामाजिक सहभागिता और सम्मान की भावना को भी मजबूत किया।

