शरदोत्सव मेला मंच पर पहुंची देवी की यात्रा, भक्तों को दिया आशीर्वाद
पोखरी (चमोली)। चमेठी गांव की मां चंडिका देवी की बन्याथ यात्रा बुधवार को रात्रि प्रवास के लिए अपने मायके सिनाऊ पहुंच गई। यहां ग्रामीणों ने देवी की यात्रा का भव्य स्वागत किया। इससे पूर्व यात्रा पोखरी में आयोजित शरदोत्सव के मेला मंच पर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
मेला समिति के पदाधिकारियों, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी और नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने देवी की पूजा-अर्चना कर मेले के सफल आयोजन और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। देवी की यात्रा के मेला पंडाल में पहुंचते ही जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मार्ग में भी जगह-जगह श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
251 साल बाद आयोजित हो रही बन्याथ यात्रा
ब्रह्मगुरु दीपक कुंवर ने बताया कि मां चंडिका देवी की बन्याथ यात्रा 251 साल बाद आयोजित की जा रही है। वर्ष 1832 में टिहरी नरेश ललित शाह ने देवी की बन्याथ यात्रा कराई थी। इसके बाद अब देवी नौ माह की यात्रा पर निकली हैं। यात्रा समिति के अध्यक्ष जगदीश रावत सहित अन्य पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।

