उच्च न्यायालय के जज की देखरेख में सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई–
गोपेश्वरः राज्य में भर्ती घोटाले व पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उबाल है। कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका और दोनों मामलों की सीबीआई जांच उच्च न्यायायल के जज की देखरेख में करने की मांग की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि डबल इंजन के नाम पर भाजपा ने जनता को खूब सपने दिखाए थे, लेकिन अब एक एक कर सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खुल रही है। चुपके से अपने नाते रिश्तेदारों को नौकरी दी जा रही है, जबकि बेरोजगार और संविदा कर्मी रोजगार और वेतन वृद्घि के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद सजवाण की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की सभा में एक पत्रकार वार्ता भी आयोजित हुई। ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद सिंह सजवाण ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में ढूबी है। नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह बिष्ट और पूर्व विधायक कुंवर सिंह नेगी ने कहा कि राज्य गठन के बाद से हुई भर्ती परीक्षाओं की गहनता से जांच की जानी चाहिए। भाजपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूब गई है। सीएम से लेकर मंत्री व विधायकों के नाते रिश्तेदारों को विधानसभा में नौकरियां बांटी गई हैं, जबकि शिक्षित, प्रशिक्षित युवा नौकरी के लिए दर-दर भटक रहे हैं।
इस मौके पर मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान, युद्घवीर बर्त्वाल, आनंद सिंह, सुदर्शन शाह, रैजा चौधरी, सूर्य प्रकाश, संदीप भंडारी के साथ ही कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


