जून माह और शीतकालीन अवकाश का मानदेय देने की मांग, दी तालाबंदी की चेतावनी–
गोपेश्वरः माध्यमिक अतिथि शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया है। अतिथि शिक्षकों का कहना है कि यदि उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं होती है तो वह शुक्रवार (आज) मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी कर देंगे।
बृहस्पतिवार को माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ के बैनर तले जिले के अतिथि शिक्षक मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर एकत्रित हुए। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वह अपनी मांग के संबंध में कई बार विभाग को लिखित में दे चुके हैं, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते वह आंदोलन को बाध्य हुए हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि उन्हें जून माह और शीतकालीन अवकाश का मानदेय दिया जाए।
इसके अलावा अतिथि शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश सोलियाल, जिला प्रवक्ता राकेश लाल, रोहित सजवाण, असलम अहमद, गबर सिंह नेगी, पुष्पा गुसाईं, बीना नौटियाल, ज्योति बर्त्वाल के साथ ही कई शिक्षक मौजूद रहे। कहा गया कि मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जब तक मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो जाती, आंदोलन जारी रखा जाएगा।


