गढ़वाल सांसद ने कहा डॉ. हिमानी ने महिला सशक्तिकरण का दिया परिचय–
गोपेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद कार्यक्रम से लौटी भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डा. हिमानी वैष्णव का पार्टी के जिला कार्यालय में सम्मानित किया गया। महिला मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डा. हिमानी वैष्णव पूरे देश के लाभार्थी कार्यक्रम में टॉप 10 में रही और उन्होंने प्रधानमंत्री से सीधा संवाद किया। यह चमोली जिले के साथ पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि डॉ. हिमानी ने प्रधानमंत्री के सम्मुख अपनी बात रखकर महिला शक्ति और सशक्तिकरण का परिचय दिया है। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री कुलदीप वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य नंदन बिष्ट भाजयुमो नेता मयंक पंत सहित जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नंदप्रयाग में भी गढ़वाल सांसद ने डॉ. हिमानी वैष्णव को सम्मानित किया।