
उत्तरकाशी: पिछले 12 दिनों से सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को निकालने का काम शुरू हो गया है। मंगलवार को दिनभर मजदूरों को निकालने के लिए जद्दोजहद चलती रही, लेकिन शाम ढलते ही सुरंग से मजदूरों के निकालने का सिलसिला शुरू हुआ। देर शाम 8:00 बजे पहला मजदूर सुरंग से बाहर निकल गया। सुरंग के दूसरे छोर पर मौजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय परिवहन राज्य मंत्री वीके सिंह ने मजदूर के गले में माला डालकर उसकी कुशलक्षेम पूछी। इसके बाद लगातार सभी 41 मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। एंबुलेंस में प्राथमिक चिकित्सा दी गई। सिलक्यारा टनल से सभी 41 मजदूरों को निकाल कर प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ में शिफ्ट किया जा रहा है। मजदूरों के बाहर निकलते ही उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। कई अधिकारी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पुलिस बल और आईटीबीपी सेवा के जवान मौके पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बाहर निकाले गए श्रमिको से कर रहे हैं मुलाकात।
केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल ( से.नि) वीके सिंह भी है मौजूद।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रमिको और रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए कर्मियों के मनोबल और साहस की जमकर सराहना की। बाहर निकाले जा रहे श्रमिको के परिजन भी हैं टनल में मौजूद। टनल से बाहर निकाले गए श्रमिकों की प्रारंभिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण टनल में बने अस्थाई मेडीकल कैंप में की गई।

