पर्यटन विकास परिषद और रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन व मंदिर समिति की ओर से आयोजित किया गया भव्य आयोजन–
कनकचौंरी(रुद्रप्रयाग): पर्यटन विकास परिषद उत्तराखंड देहरादून, जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग और मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को कार्तिक स्वामी मंदिर में भव्य 108 बालमपुरी शंख पूजा और हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिक स्वामी की पूजा अर्चना कर मनौतियां मांगी।
तमिलनाडू से आए मुख्य पुजारी माईलम एथेनम, कूनमपट्टी एथेनम, कौमारामुत्त एथेनम, श्रृंगेरीमुत्तू सहित तमिलनाडू के प्रसिद्ध छह मंदिरों के शिवाचार्य द्वारा दिव्य पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग उत्तराखंड सरकार के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) भाष्कर खुल्बे, अपर सचिव यूकाडा सी रविशंकर, जिलाधिकारी सौरभ गहरवार एवं दक्षिण भारत से आए शिवाचार्य व गुरुजनों ने पूजा अर्चना की।

विशेष कार्याधिकारी भाष्करखुल्बे ने कहा कि कार्तिक स्वामी मंदिर में 108 बालमपुरी शंख से पूजा व हवन एवं दक्षिणावर्त से स्वामी कार्तिकेय का भव्य जलाभिषेक किया गया। उन्होंने कहा कि भगवान का आशीर्वाद का प्रतीक है कि हम सब यहां पर आज उपस्थित हैं तथा भगवान का आशीर्वाद हमें अभी तक मिला है आगे भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि विकास की सीमा जो हमने कभी तय नहीं की हैं उनको पाकर चारधाम एवं कार्तिकेय स्वामी मंदिर में ऐसा परिवेश बनाएंगे जिससे सभी को आस्था, भक्ति और प्रेम का संगम सबको मिले। तमिलनाडू के 6 मठों से मुर्गन की पूजा करने वाले लोग आज कार्तिकेय को प्रणाम करने आए हैं तथा पारस्परिक संबंध इतना सुंदर बना है कि भारत को जोड़ने का एक तरीका है आस्था सबको साथ मिला ले इससे बड़ा कोई प्रमाण नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि भगवान से यही कामना है हम सब पर आशीर्वाद बना रहे।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, शत्रुघ्न नेगी अध्यक्ष मंदिर समिति, बलराम सिंह, सचिव, मंदिर समिति, विक्रम नेगी, उपाध्यक्ष मंदिर समिति, सहित कई लोग मौजूद रहे।


