आगामी मां नंंदा की लोकजात यात्रा को लेकर भी हुई चर्चा, गांव-गांव में होगा बैठक का आयोजन–
पीपलकोटी (चमोली), 12 अप्रैल 2026: बंड भूमियाल देवता मंदिर के जीर्णोद्धार और मां नंदा की आगामी लोकजात यात्रा को भव्य बनाने के उद्देश्य से बाटुला (मायापुर) में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मिलकर मंदिर के पुनर्निर्माण और यात्रा की तैयारियों पर विस्तृत मंथन किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बंड भूमियाल मंदिर का भव्य और आकर्षक निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र के सभी लोगों का सहयोग लिया जाएगा ताकि मंदिर को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से और अधिक सशक्त बनाया जा सके। बंड संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह और शंभू प्रसाद सती ने कहा कि मंदिर का जीर्णोद्धार लंबे समय से आवश्यक था और अब इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू किया जाएगा।
इसके साथ ही मां नंदा की लोकजात यात्रा को सफल और भव्य बनाने के लिए भी व्यापक योजना तैयार की गई। तय हुआ कि प्रत्येक गांव में बैठकें आयोजित कर लोगों को यात्रा से जोड़ा जाएगा और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में बंड संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह, शंभू प्रसाद सती, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता हरीश पुरोहित सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर क्षेत्र के धार्मिक आयोजनों को नई पहचान देने का संकल्प लिया।


