भारतीय सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड के जवानों के साथ सेवादारों का दल हुआ रवाना–
जोशीमठ, 15 अप्रैल 2026: पवित्र हेमकुंड साहिब की आगामी यात्रा को सुगम बनाने के लिए भारतीय सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड और गुरुद्वारा से जुड़े सेवादारों का दल बुधवार को गोविंदघाट से रवाना हो गया।
इस समय हेमकुंड साहिब के आस्था पथ पर आठ फीट से अधिक बर्फ जमी हुई है, जिससे पूरा मार्ग अवरुद्ध है। विशेष रूप से अटलाकोटी के आगे का क्षेत्र पूरी तरह बर्फ से ढका हुआ है।
दल के रवाना होने से पहले गुरुद्वारे में अरदास की गई। इसके बाद हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के सीईओ सरदार सेवा सिंह ने टीम को घांघरिया के लिए रवाना किया।
सरदार सेवा सिंह ने बताया कि एक सप्ताह पहले सेवादारों की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था, जिसमें अटलाकोटी ग्लेशियर क्षेत्र में भारी बर्फबारी की पुष्टि हुई। अब यह दल घांघरिया में ठहरकर प्रतिदिन मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य करेगा। अनुमान है कि करीब तीन सप्ताह में मार्ग पूरी तरह साफ कर लिया जाएगा।
हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। पहला जत्था 20 मई को ऋषिकेश से रवाना किया जाएगा। हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि भारतीय सेना और सेवादार हर वर्ष निस्वार्थ भाव से यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस कार्य के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।


