स्कूटी की टक्कर को लेकर विवाद बढ़ा, कई लोग घायल; तीन आरोपी गिरफ्तार, डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा–
कर्णप्रयाग, 16 जून 2026: कर्णप्रयाग में स्कूटी की टक्कर को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे कुछ श्रद्धालुओं ने स्थानीय लोगों के साथ मारपीट करते हुए तलवार और अन्य धारदार हथियार लहरा दिए तथा हमला कर दिया। घटना में बीच-बचाव करने आए कई स्थानीय लोग घायल हो गए।

विवाद के दौरान कर्णप्रयाग के एक होटल व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हेलिकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं एक श्रद्धालु के पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना है।
मामले के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कर्णप्रयाग चौकी परिसर और बदरीनाथ हाईवे पर एकत्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने सुबह करीब 11 बजे हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एहतियातन पुलिस ने यात्रा वाहनों को गौचर और पीपलकोटी क्षेत्र में ही रोक लिया था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर हथियार लेकर चल रहे हैं और दोपहिया वाहन भी तेज व लापरवाही से चला रहे हैं। उन्होंने यात्रा मार्ग पर हथियारों की सख्त जांच और नियंत्रण की मांग की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार स्वयं मौके पर पहुंचे और लोगों से वार्ता की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद दोपहर करीब दो बजे जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य घायल श्रद्धालु का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। हालांकि अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी को भी अराजकता नहीं फैलाने दी जाएगी। सख्त कार्रवाई की जाएगी।

