ज्योतिर्मठ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से की शिकायत, आक्रोश जताया–
ज्योतिर्मठ, 2 जुलाई 2026: ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में एक निजी भवन में कथित तौर पर मदरसा संचालन का मामला सामने आया है। हिंदूवादी संगठनों के प्रतिनिधियों ने वहां पहुंचकर मदरसे को तुरंत बंद करने की चेतावनी दी है। साथ ही नारेबाजी करते हुए ज्योतिर्मठ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत भी की।
नगर में लंबे समय से मदरसा संचालन की सूचना मिल रही थी। बृहस्पतिवार को बजरंगदल व विश्वहिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने इस कथित मदरसे में छापा मारा। मौके पर एक बच्चा उर्दू सीखता हुआ पाया गया। बताया जा रहा है कि यहां पर अन्य बच्चों को भी उर्दू व अन्य तालीम दी जाती है, इसके लिए 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर एक शिक्षक को भी नियुक्त किया गया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा यह नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने मदरसा संचालकों को इसे तुरंत बंद करने को कहा और पुलिस को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संत संपर्क पवन राठौर ने बताया कि ज्योतिर्मठ देवभूमि है। यह शंकराचाय की तपस्थली है, यहां अवैध रूप से मदरसे का संचालन किया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
बजरंगदल के अध्यक्ष शुभम रावत का कहना है कि उत्तराखंड सरकार ने मदरसा बोर्ड भंग कर दिया है। इसके बावजूद यहां पर अवैध रूप से मदरसे का संचालन किया जा रहा है। इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं मदरसा में पढ़ाने वाले शिक्षक मीनदुल्ला का कहना है कि यहां पर सिर्फ नमाज पढ़ी जाती है, कभी कभी बच्चे उर्दू पढ़ने के लिए आते हैं। इसे बंद कर दिया जाएगा। इस मामले में कोतवाली निरीक्षक देवेंद्र रावत ने बताया कि नगर में मदरसा संचालन को लेकर शिकायत पत्र मिला है, मामले की जांच की जाएगी।

