25 से 28 सितंबर तक चलेगी रोमांचक प्रतियोगिता, 15 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन—
ज्योतिर्मठ, 21 july 2026। सीमांत क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाली प्रतिष्ठित माणा पास एमटीवी चैलेंज-2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 23 जुलाई से शुरू होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 15 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे। स्की माउंटेनियरिंग एसोसिएशन उत्तराखंड की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 25 से 28 सितंबर तक आयोजित होगी, जिसमें देशभर के साहसिक खेल प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजक अजय भट्ट ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि 23 जुलाई से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होगी और इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
पिछले पांच वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता की शुरुआत बदरीनाथ से होती है। यहां से प्रतिभागी दुपहिया वाहनों के माध्यम से दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल दर्रों में शामिल माणा पास तक पहुंचते हैं। यह आयोजन साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ सीमांत क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

