दो किलोमीटर क्षेत्र से हटाया प्लास्टिक व अन्य कचरा, तुंगनाथ क्षेत्र के व्यापारियों से नदी को प्रदूषित न करने की अपील–
गोपेश्वर, 01 अगस्त 2026: तृतीय केदार तुंगनाथ मंदिर की तलहटी में स्थित ग्राम पंचायत कलसिर के भुलकण में शनिवार को स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने वृहद सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के दौरान दो किलोमीटर क्षेत्र में फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्रित कर जिला पंचायत गोपेश्वर भेजा गया। साथ ही तुंगनाथ मंदिर के समीप निगोल नदी में कूड़ा फेंके जाने पर चिंता जताते हुए इसे तत्काल रोकने की अपील की गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट और उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री के दिशा-निर्देशन में आयोजित अभियान का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप सिंह रमोला ने किया। स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने भुलकण क्षेत्र में व्यापक सफाई कर तीर्थयात्रियों और पर्यटकों द्वारा जगह-जगह फेंके गए प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट का निस्तारण किया। एकत्रित कूड़े को वाहनों के माध्यम से जिला पंचायत गोपेश्वर पहुंचाया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि तुंगनाथ मंदिर के समीप निगोल नदी में बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा डाला जा रहा है, जो बहकर भुलकण तक पहुंच रहा है और आगे नदी को भी प्रदूषित कर रहा है। उन्होंने तुंगनाथ क्षेत्र के व्यापारियों से नदी में कूड़ा न फेंकने की अपील करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध जैव विविधता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
सफाई अभियान में गोकुल सिंह राणा, आशीष राणा, जगदीश नेगी, संजय राणा, सुनील सिंह नेगी, दर्शन सिंह रमोला, चंदन सिंह नेगी, संतोष रावत, सुखदेव सिंह रावत, दिगंबर नेगी, गौरव रमोला, बलवंत सिंह बिष्ट सहित अनेक स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

