4 अगस्त को आरक्षित वर्ग के खिलाड़ियों की होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा–
गोपेश्वर, 03 अगस्त 2026: खेल विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत सोमवार को जनपद चमोली में जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया का आठवां चरण आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न आयु वर्गों से 23 बालक और 28 बालिकाओं सहित कुल 51 खिलाड़ियों का जिला स्तर के लिए चयन किया गया।
योजना के तहत जिले से प्रत्येक आयु वर्ग में 25-25 बालक और 25-25 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

चयन प्रक्रिया में खेल विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। पूरी प्रक्रिया चयन समिति के संयोजक एवं प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी मोहित सिंह की देखरेख में संपन्न हुई। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से आए शारीरिक शिक्षक और अभिभावक भी मौजूद रहे।

प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी मोहित सिंह ने बताया कि विषम परिस्थितियों के कारण चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके आरक्षित वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए 4 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।

