अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से नई दिल्ली में किया जाएगा कार्यक्रम, 25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों की गरिमामयउपस्थिति रहेगी–
गोपेश्वर, 15 अगस्त 2026: अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर 23 अगस्त को नई दिल्ली में समरसता सांस्कृतिक समन्वय सम्मेलन एवं विचार प्रजेंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में चमोली जिले के भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रो. डॉ. जसवंत लाल को राजीव गांधी गौरव अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच की ओर से जारी कार्यक्रम संबंधी सूचना के अनुसार, प्रो. डॉ. जसवंत लाल को यह सम्मान सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक समन्वय और मानवाधिकार के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
प्रो. डॉ. जसवंत लाल के सम्मानित होने की सूचना से चमोली जिले के सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में खुशी है। लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए उन्हें बधाई दी है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे।
आयोजकों के अनुसार समारोह में 25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य ‘वसुधैव कुटुंबकम’, ‘ग्लोबलविलेज’ और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ की अवधारणाओं को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना तथा मानव एकता, विश्व बंधुत्व और वैश्विक सद्भाव को प्रोत्साहित करना है। चयन के बाद प्रतिभागियों को आधिकारिक निमंत्रण, कार्यक्रम विवरण और प्रवेश पास उपलब्ध कराए गए हैं। समारोह का आयोजन जनसहयोग एवं स्ववित्तीय व्यवस्था के आधार पर किया जाएगा।

