गोपीनाथ मंदिर से शुरू हुई यात्रा खेल स्टेडियम पहुंची, विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग–
गोपेश्वर। युवाओं और आमजन में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नशामुक्ति, अनुशासित जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण, लोक संस्कृति एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को द्वितीय देवभूमि खेल चेतना यात्रा-2026 निकाली गई। अपराह्न तीन बजे गोपीनाथ मंदिर परिसर से शुरू हुई यात्रा बस स्टैंड, मुख्य डाकघर, पुलिस लाइन तिराहा और पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार से होते हुए खेल स्टेडियम पहुंची।
यात्रा में विभिन्न खेलों से जुड़े बालक-बालिका खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने लोगों को खेलों के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। योग को दिनचर्या में शामिल करने और युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश भी दिया गया।
खेल विभाग की ओर से यात्रा में खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। वक्ताओं ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ अनुशासन की भावना भी विकसित करते हैं। देवभूमि खेल चेतना यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव और शहरों में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना तथा युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर खेल गतिविधियों से जोड़ना है।

