आगापुर ओपन जिम परिसर में चलाया सफाई अभियान, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का दिया संदेश–
रामपुर, 30 सितंबर 2026: देशभर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान और स्वच्छता पखवाड़े के तहत केंद्रीय भंडारगृह रामपुर की ओर से भी स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। केंद्रीय भंडारगृह के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आगापुर स्थित ओपन जिम परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की। इस दौरान परिसर के साथ ही आसपास के क्षेत्र से कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया।

केंद्रीय भंडारगृह रामपुर में स्वच्छता को लेकर विशेष जोर दिया जाता है। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। कर्मचारियों ने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करने की अपील की।

इस अवसर पर प्रबंधक नितिन शर्मा, केंद्रीय भंडारण निगम वर्कर्स यूनियन के क्षेत्रीय सचिव विनोद प्रकाश, पवन कुमार, रविंद्र सिंह बिष्ट, जितेंद्र कुमार प्रजापति, प्रियांश सैनी, मुकेश, सचिन, देव और बॉबी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

