बढ़ने लगी श्रद्धालुओं की संख्या, इस साल 3.58 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे–
जोशीमठ, 01 अक्टूबर 2026: सिखों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब की यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 10 अक्तूबर को हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। यात्रा समाप्त होने से पहले धाम में मत्था टेकने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है।
10 अक्तूबर को हेमकुंड साहिब में इस वर्ष की अंतिम अरदास होगी। इसके बाद कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि कपाट बंद करने को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब तक 3 लाख 58 हजार से अधिक श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। हेमकुंड साहिब में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। दिनभर धाम में तीर्थयात्रियों की चहल-पहल बनीं हुई है।

