डीएम ने अधिकारियों को दिए व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश–
गोपेश्वर। आगामी प्रस्तावित गैरसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर एनआईसी वीसी सभागार में समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रुद्रप्रयाग से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग कर अधिकारियों को सत्र के सफल, सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल संस्थान को पेयजल भंडारण क्षमता बढ़ाने और पुलिस बैरक के लिए अलग पेयजल लाइन की व्यवस्था करने को कहा। शहरी विकास विभाग व जिला पंचायत को मोबाइल एवं स्थायी शौचालय, स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था, लोनिवि को सड़कों की मरम्मत व सफाई तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा टीम, एंबुलेंस और दवाइयों की उपलब्धता रखने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

