गौणादशोली के राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान–
गोपेश्वर। बागेश्वर में आयोजित पंचम पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव में चमोली जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ग की क्विज प्रतियोगिता में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। राजकीय इंटर कॉलेज गौणादशोली के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र सागर सिंह, प्रशांत सिंह और छात्रा रिया ने चमोली जिले का प्रतिनिधित्व किया। चार चरणों तक चले रोमांचक मुकाबले में चमोली की टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक समझ और ज्ञान का परिचय देते हुए अंत तक शानदार प्रदर्शन किया और प्रथम स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों की सफलता को उनकी मेहनत, लगन और विज्ञान के प्रति रुचि का परिणाम माना जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत सिंह बिष्ट और डॉ. प्रताप बिष्ट ने विजेता विद्यार्थियों सहित पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

