रातभर दहशत में रहे लोग, खेतों में भरा पानी और सब्जियों की फसल बर्बाद; नाले की मरम्मत न होने पर उठे सवाल–
ज्योतिर्मठ। बृहस्पतिवार देर रात हुई भारी बारिश से औली नाला उफान पर आ गया। नाले का पानी नौग मोहल्ले में घुसने से दो घरों को नुकसान पहुंचा, जबकि कई खेत पानी से लबालब भर गए। खेतों में लगी सब्जियों को भी नुकसान हुआ है। अचानक घरों के आसपास तेज बहाव से पानी आने पर लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग रात को घरों से बाहर निकल आए। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक नाले का पानी बहता रहा।
बृहस्पतिवार देर रात ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण औली से निकलने वाला नाला उफान पर आ गया। देखते ही देखते नाले का पानी नौग मोहल्ले में घुस गया। इससे कमल रतूड़ी और राजेंद्र रतूड़ी के घर प्रभावित हुए। वहीं, पानी खेतों में भरने से सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचा।

स्थानीय निवासी कमल रतूड़ी ने बताया कि बरसात के दौरान नाला कई जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसकी मरम्मत कराने के लिए नगर पालिका को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नाले की मरम्मत कर दी गई होती तो इस नुकसान से बचा जा सकता था।

