दूरस्थ गांव प्राणमति की घटना, पहाड़ी से पत्थर गिरने से बिगड़ा संतुलन–
नंदानगर (चमोली)। नंदानगर के दूरस्थ गांव प्राणमति में पेयजल लाइन की मरम्मत करने गए एक युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई। शनिवार अपराह्न हुए हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के चलते गांव की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसकी मरम्मत के लिए ग्रामीण गांव से करीब आठ किलोमीटर दूर उडियारीतोक गए थे। इसी दौरान पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण 33 साल के खीम सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। खाई गहरी होने के कारण साथी ग्रामीण उसे बाहर नहीं निकाल पाए।
हादसे की सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन, पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद करीब आठ किलोमीटर पैदल चलकर शव को सितेल लाया गया। वहां से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर ले जाया गया और फिर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भेज दिया गया। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

