अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के दिए निर्देश–
पीपलकोटी, 03 अक्टूबर 2026: बिरही क्षेत्र में गौचर भूमि में किया जा रहा अवैध निर्माण जिलाधिकारी ने सील करवा दिया है। साथ ही अवैध निर्माण करने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
प्रशासन को बिरही में गौचर भूमि पर अतिक्रमण करने की शिकायत मिली थी। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर कोई काम करता हुआ नहीं पाया गया। डीएम ने तत्काल प्रभाव से भवन को सील करने के निर्देश दिए। एसडीएम चमोली को निर्देश दिए कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत कराएं, साथ ही पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह से अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम आरेके पांडेय, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, तहसीलदार दीप्ति शिखा आदि मौजूद रहे।

