थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने मशीन का किया उद्घाटन, गर्भवती महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत–
गोपेश्वर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नंदानगर में रविवार से अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो गई है। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से विकासखंड के करीब 95 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। सबसे बड़ी राहत गर्भवती महिलाओं को मिलेगी, जिन्हें अब अल्ट्रासाउंड कराने के लिए जिला मुख्यालय गोपेश्वर या अन्य अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र की जनता से उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का जो वायदा किया था, उसे पूरा कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच कराने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के लोगों का समय और धन भी बचेगा।
उन्होंने कहा कि नंदानगर क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से इस सुविधा की जरूरत महसूस हो रही थी। अब स्थानीय स्तर पर ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

