पढ़ें क्या है मामला, चमोली-ऊखीमठ हाईवे पर लगाया ग्रामीणों ने एक घंटे का जाम, लोगों ने झेली परेशानी–
गोपेश्वर, 21 फरवरी 2025: चतुर्थ केदार रुद्रनाथ के पैदल मार्ग पर साइन बोर्ड को लेकर ग्वाड़ गांव के ग्रामीण आक्रोशित हैं। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने चमोली-गोपेश्वर-मंडल-ऊखीमठ हाईवे पर लगभग एक घंटे तक जाम लगा दिया।
लोगों का कहना था कि जिस स्थान पर जिला पंचायत का गेट लगा है, वहां से रुद्रनाथ का प्राचीन पैदल रास्ता है। लिहाजा यहां से साइन बोर्ड न हटाया जाए। ग्वाड़ के ग्राम पंधान प्रशासक नीरज बिष्ट, महिला मंगल दल अध्यक्ष संतोषी कुंवर, सरपंच कमला देवी, पूर्व सरपंच शिव सिंह बिष्ट और पुरुषोत्तम कुंवर ने कहा कि रुद्रनाथ के प्राचीन रास्तों को बंद नहीं करने दिया जाएगा।
शाम को करीब छह बजे ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए राजस्व उपनिरीक्षक व जिला पंचायत की टीम साइन बोर्ड को यथावत रखकर वहां से बैरंग लौट गए, जिसके बाद लोग शांत हुए।