जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव ध्वनिमत से हुआ पारित, कई अन्य प्रस्ताव भी आए–
गोपेश्वर, 06 फरवरी 2026: शुक्रवार को चमोली जिला पंचायत की बैठक आयोजित हुई। इसमें वर्ष 2026-27 का अनुमोदित बजट 96 करोड़ 51 लाख 21 हजार 423 रुपये का अनुमानित बजट ध्वनिमत से पारित हुआ। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ ही सदस्यों का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। बैठक में वर्ष 2023-24 व 24-25 में हुए निर्माण कार्यों के अटके बिलों के भुगतान का प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि आपसी सहभागिता से जिला पंचायत के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक का संचालन करते हुए अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने बैठक की रुपरेखा रखी। इस दौरान जिला योजना के लिए प्रस्ताव देने के लिए कहा गया। सदन में वर्ष 2026-27 के अनुमानित बजट 96 करोड़ 51 लाख 21 हजार 423 रुपये की स्वीकृति दी गई।

चारधाम यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई व्यवस्था व अन्य कार्य किए जाने के प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह, सुरेश कुमार बिष्ट, साक्षी नेगी, प्रदीप बुटोला, विक्रम सिंह, रमा देवी, सरोजनी देवी, उर्मिला बिष्ट, वित्तीय परामर्शदाता, सुधांशु श्रीवास्तव, कार्य अधिकारी हर्ष गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी केसी जोशी, लेखाकार मुकेश चंद्र भट्ट के साथ ही जिला पंचायत के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


