चमोली जनपद में बदला मौसम का मिजाज, जोशीमठ के ऊपरी क्षेत्रों में हुई ओलावृष्टि, ठंड लौटी–
जोशीमठ, 10 मार्च 2026: चमोली जिले में मौसम का मिजाज मंगलवार को बदला रहा। जोशीमठ क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि हुई, जबकि बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब के साथ ही अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई है। इससे ठंड लौट आई है। निचले क्षेत्रों में आसमान में बादल तो छाए रहे पर बारिश नहीं हुई। जिससे धुंध से छुटकारा नहीं मिल पाया है। साथ ही गरमी से भी राहत नहीं मिली है। हालांकि शाम को ठंडी हवाएं चलने से गरमी से राहत मिली है।
कई दिनों से बारिश न होने के कारण तापमान में बढोत्तरी होने से गरमी का एहसास होने लगा था। मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। ज्योतिर्मठ क्षेत्र में दोपहर बाद बारिश हुई। औली और परसारी में करीब पंद्रह मिनट तक ओलावृष्टि भी हुई। जबकि निचले क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे। बारिश होने पर काश्तकारों ने राहत की सांस ली है। बारिश के बाद खेतों में जौ, गेहूं और मटर की फसलों में जान आ जाएगी।
पीपलकोटी क्षेत्र के जंगलाें में तीन दिनों से आग लगी रही, जिससे चारों ओर धुंध फैली है। यदि निचले क्षेत्रों में भी बारिश होती तो लोगों को राहत मिल जाती।


