इन सीटों को भरने के लिए भाजपा हाईकमान से हरी झंडी का था इंतजार, अब इंतजार हुआ खत्म–
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी अब पूरी तरह से चुनावी मोड़ में आ गई है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल की टीम मैदान में आ जाएगी। मंत्रीमंडल में पांच सीट रिक्त हैं, आज शुक्रवार को पांच नए मंत्री शपथ लेंगे। इसकी पूरी तैयारियां हो गई हैं।
राजभवन में सुबह दस बजे से शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। मंत्री के रुप में कौन पांच विधायक शपथ लेंगे, इसको लेकर मंथन जारी रहा। आज मंत्रीमंडल में शामिल होने वाले विधायकों की घोषणा हो जाएगी। चर्चा है कि रुद्रप्रयाग विधानसभा को मंत्री मिल जाएगा।
मंत्रीमंडल में रिक्त पांच में से तीन सीट वर्ष 2022 में धामी सरकार के सत्ता संभालने के बाद से ही रिक्त चल रही हैं। एक सीट कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास के निधन से रिक्त हुई थी, जबकि एक सीट गत वर्ष मार्च माह में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के त्यागपत्र के कारण खाली हुई थी। अगले विधानसभा चुनाव में अब एक वर्ष से भी कम समय शेष है। ऐसे में पार्टी मंत्रिमंडल की सीट रिक्त रहने का संदेश नहींं देना चाहती।
रिक्त सीटों पर विधायकों की ताजपोशी कर क्षेत्रीय, जातीय और अन्य समीकरण साधने की तैयारी है। अभी धामी सरकार के चार वर्ष आगामी 23 मार्च को पूरे होने हैं। इससे पहले ही उनका संपूर्ण मंत्रिमंडल आकार लेगा।


