नंदानगर ब्लॉक के कनोल और बड़गुना गांव के युवाओं ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, ग्रामीणों ने जताई खुशी–
नंदानगर, 28 मई 2026: युवाओं की मेहनत और मां नंंदा की ऐसी असीम कृपा रही कि चमोली जनपद के नंदानगर ब्लॉक के एक ही गांव के छह युवाओं का अग्निवीरजीडी भारतीय सेना में चयन हुआ है। युवाओं के चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। युवाओं की इस सफलता से गांव में उत्साह और गर्व की भावना देखी जा रही है। ग्रामीणों और परिजनों ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ग्राम पंचायत कनोल निवासी अजय सिंह पुत्र पुष्कर सिंह तथा ग्राम सभा बड़गुना निवासी हिमांशु सिंह पुत्र गौर सिंह (लेखाकार स्थाई) का अग्निवीरजीडी में चयन हुआ है। इसके अलावा कुलदीप सिंह पुत्र गजे सिंह, पवन सिंह पुत्र कमल सिंह, सूरज सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह और हिमांशु सिंह पुत्र देव सिंह भी भारतीय सेना के लिए चयनित हुए हैं।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कंचन सिंह नेगी ने बताया कि सभी युवा लंबे समय से सेना भर्ती की तैयारी में जुटे हुए थे। युवाओं ने कठिन मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि पहाड़ के युवाओं में देश सेवा का जज्बा हमेशा से रहा है और इन युवाओं ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
युवाओं के चयन की सूचना मिलते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई, जबकि ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गर्व का क्षण बताया।

