बदरीनाथ धाम में आंदोलन कर रहे कर्मचारियों को जगी उम्मीद, उच्च स्तरीय बैठक में रखा जाएगा प्रकरण–
देहरादून, 15 अक्टूबर 2026: बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में वर्षों से अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर आंदोलन जारी है। कर्मचारियों की मांगों के बीच अब मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन से उनके निराकरण की उम्मीद जगी है।
बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अस्थायी कर्मचारियों की मांगों पर वार्ता की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रकरण के जल्द निराकरण का सकारात्मक आश्वासन दिया है। साथ ही इस मामले को आगामी उच्च स्तरीय बैठक में रखने का निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। हाल ही में कर्मचारियों ने बदरीनाथ धाम में मंदिर परिसर में धरना-प्रदर्शन कर तख्तियां लेकर अपनी मांगें उठाई थीं। उन्होंने एकमुश्त समाधान के तहत नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की थी। कर्मचारियों ने इस संबंध में प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा था।
सती ने कहा कि बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कपरवाण और बोर्ड के सभी सदस्य कर्मचारियों के हितों का मामला लगातार मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाते रहे हैं। मुख्यमंत्री के आश्वासन से कर्मचारियों को समाधान की उम्मीद बंधी है।

