— आदिबदरी क्षेत्र के प्यूंरा गांव का हरेंद्र सिंह बीते साल 28 अक्टूबर को जामनगर गुजरात से अपने घर के लिए चला था, लेकिन आज तक हरेंद्र सिंह घर नहीं पहुंचा है। उसके माता-पिता और नाते रिश्तेदार आज भी उसके आने की राह देख रहे हैं, लेकिन हरेन्द्र का कोई पता नहीं चल पाया है। उसका भाई सुंदर सिंह कभी देहरादून तो कभी चमोली जनपद में पुलिस कार्यालयों के चक्कर काट रहा है और अपने भाई को सकुशल घर पहुंचाने की गुहार लगा रहा है।
28 अक्टूबर 2021 को हुकम सिंह का 24 वर्षीय बेटा हरेन्द्र सिंह जामनगर गुजरात से घर के लिए चला था। 16 नवंबर को हरेन्द्र सिंह की शादी होनी थी। एक नवंबर को वह सकुशल आईएसबीटी देहरादून पहुंच गया था। देहरादून पहुंचने की सूचना उसने अपने घरवालों को फोन पर दे दी थी। लेकिन उसके बाद से आज तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। वह कहां है, किस हालत में है, घरवालों को कुछ पता नहीं है। उसका फोन भी स्विच ऑफ चल रहा है। उसके भाई सुंदर सिंह ने अपने भाई की गुमशुदगी रिपोर्ट आईएसबीटी पुलिस चौकी में दर्ज कराई, लेकिन अभी तक भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
सुंदर उसकी ढूंढखोज में देहरादून से हिमाचल प्रदेश तक भी गया। एक-एक दुकान छान मारी, लोगों से हरेन्द्र के बारे में पूछा, लेकिन निराशा ही हाथ लगी है। हरेंद्र सिंह के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सुंदर सिंह ने बताया कि हरेन्द्र की शादी के लिए लाया सामान आज भी घर में जहां का तहां पड़ा हुआ है। हमें आज भी उसके घर आने की पूरी उम्मीद है। वह जिस भी हालत में होगा, जरुर अपने घर पहुंचेगा। ऐसा कहते ही सुंदर फफक फफक कर रोने लगा।