राजीव गांधी आवासीय विद्यालय जोशीमठ में प्रवेश शुरू कराने की मांग पर फिर हो सकता है आंदोलन–
गोपेश्वरः राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय जोशीमठ में प्रवेश शुरू कराने के साथ ही विभिन्न मांगों पर फिर से आंदोलन के मूड़ में हैं अभिभावक, अभिभावकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समाधान की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समाधान जल्द न हुआ तो वह फिर आंदोलन शुरू कर देंगे।
अभिभावकों का कहना है कि पिछले सत्र से छठी कक्षा में प्रवेश नहीं कराया गया जिससे कक्षा छह और सातवीं की कक्षाएं रिक्त चल रही हैं। इनमें प्रवेश शुरू कराया जाए। तीन शिक्षा सत्रों से दसवीं पास कर चुके छात्र-छात्राओं को 11वीं में प्रवेश नहीं दिया गया है, जबकि विद्यालय खुलने के समय इसे 12वीं तक संचालित होने का आदेश दिया गया था। विद्यालय परिसर में बने छात्रावास को शुरू कराया जाए। सभी कक्षाओं में प्रवेश के बाद पाठ्यसामग्री और गणवेश के लिए बजट समय पर दिया जाए, अंग्रेजी शिक्षक के रिक्त चल रहे पद पर तुरंत शिक्षक की तैनाती की जाए।
अभिभावकों का कहना है कि बीते 10 अगस्त को मुख्यमंत्री से वार्ता हुई थी, जिसमें उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। कहा कि इस संबंध में अभिभावक शिक्षक संघ और एसएमसी की बैठक में निर्णय लिया गया है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा। डीएम को ज्ञापन देने वालों में एसएमसी अध्यक्ष हेमवती देवी, पीटीए अध्यक्ष संगीता देवी, शांती देवी, शिशुपाल सिंह के साथ ही अन्य लोग भी मौजूद रहे।


