16 पेटी अंग्रेजी व पांच लीटर कच्ची शराब के साथ चार लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार–
गोपेश्वर: पुलिस प्रशासन की ओर से चुनाव आचार संहिता के चलते जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस व एसओजी टीम की ओर से तीन अलग-अलग जगह पर चेकिंग के दौरान चार लोगों को 16 पेटी अंग्रेजी शराब व पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
चेकिंग के दौरान पंकज सिंह नेगी, उम्र 25 वर्ष, दीपक सिंह नेगी, उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम बूरा, थाना नंदानगर को 11 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोमवार को की। थाना नंदानगर पुलिस ने ही चेकिंग के दौरान रघुवीर सिंह निवासी नंदानगर को पांच पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इधर, बदरीनाथ हाईवे पर चमोली कोतवाली पुलिस ने ज्ञान सिंह निवासी घुड़साल को पांच लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


