11 आरोपियों में 6 नाबालिग भी शामिल, चार आरोपी हैं सोशल मीडिया ग्रुप एडमिन, पढ़ें पूरी खबर–
रुद्रप्रयाग, 30 अक्टूबर 2025: ढाई साल पुराने अश्लील वीडियो को स्थानीय युवती का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें छह आरोपी नाबालिग हैं। कुछ आरोपी सोशल मीडिया ग्रुप के एडमिन हैं। आरोपियों में एक पुलिस कर्मी भी शामिल है।
अगस्त्यमुनि पुलिस थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने बीते 29 अगस्त को पुलिस को शिकायत दर्ज की थी। शिकायतकर्ता ने दो युवकों के खिलाफ नामजद शिकायत देते हुए बताया कि एक अश्लील वीडियो को उनकी पुत्री का बताकर वायरल किया जा रहा है, जबकि उस वीडियो से उनकी पुत्री का कोई संबंध नहीं है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला का अपमान और निजता का उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस विवेचना में 9 अन्य के नाम भी प्रकाश में आए। पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि संबंधित वीडियो वर्ष 2023 में हैदराबाद से जुड़ा हुआ है और पहले से ही विभिन्न पोर्न साइट्स पर अपलोड किया गया था। इसे स्थानीय स्तर पर किसी व्यक्ति को बदनाम करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था।
अधिकांश आरोपी स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्र बताए जा रहे हैं। इस प्रकरण से पीड़ित परिवार को मानसिक व सामाजिक रूप से काफी प्रताड़ित होना पड़ा था। मामले में पुलिस ने सुभान्त निवासी ग्राम धरसाल, आदित्य सिंह निवासी ग्राम जयकंडी, गौरव निवासी ग्राम रायड़ी, भरत भंडारी निवासी ग्राम रायड़ी और हर्षु लाल निवासी ग्राम फलई शामिल हैं। रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि मामले में अब तक 11 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें छह नाबालिग हैं।


